Breaking
27 Jun 2026, Sat

ईंट के भट्टे पर मजदूरी करता यह युवक ऑस्ट्रेलियाई नहीं, भारतीय नागरिक है

सोशल मीडिया में बीते दिनों से एक वीडियो वायरल है, इसमें एक युवक को ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया से एंडरसन भारत घूमने आया था, लेकिन आगरा में चोरों ने इसका पासपोर्ट, पैसे और सारा सामान उड़ा लिया। अब पेट भरने और घर वापस जाने के पैसे जुटाने के लिए इस विदेशी बाबू को ईंट के भट्टे पर दिहाड़ी मजदूरी करनी पड़ रही है।

क्या लिख रहे हैं लोग?

वेद प्रकाश ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘ऑस्ट्रेलियन व्यक्ति का सामान चोरी हो गया और मजबूरी में शुरू की ऐंडसन नाम का व्यक्ति ऑस्ट्रेलिया से भारत आया, आगरा में ताजमहल घूमने जाते वक्त किसी चोर ने इनका बैग चोरी कर लिया। बैग में मोबाइल,पैसे, पासपोर्ट, आईडी कार्ड सबकुछ था। अब इसके पास कुछ नहीं तो ईंटें लोडिंग करके खाने की व्यवस्था कर रहा है। सोचिए जब इस हालात में इसके देश के लोग देखेंगे तो क्या कहेंगे भारतीय लोगों के बारे में। बड़े शर्म की बात है चोरों को इतना तो समझना चाहिए था पासपोर्ट तो नहीं लेना था’ 

शिवम यादव ने लिखा, ‘ऑस्ट्रेलिया का Anderson इंडिया में भट्टे पर ईंटा लोड करा रहा ,  Anderson आगरा में ताजमहल घूमने आया था लेकिन उसका बैग चोरी हो गया जिसमें उसका बीजा पासपोर्ट सब चला गया,  अब पेट पालने के लिए वो ईंट भट्टे पर मजदूरी करने पर मजबूर है।’

अन्नू ने लिखा, ‘आस्ट्रेलिया से भारत घूमने आए हुए एडिशन का पासपोर्ट और पैसे चोरी होने की वजह से! आज वह भटो पर मजदूरी करके अपना पेट भर रहा है ! और एब घर जाने के लिए भी पैसे नहीं है जरा सोच के देखो जों इंसान भारत की खूबसूरती देखने आया था! वह दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर’

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमे इंस्टाग्राम यूजर ‘sahildeshwal7500’ के अकाउंट पर एक वीडियो मिला। इसे 25 जून 2026 को अपलोड किया गया था। इसमें इनसेट में वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट देखा जा सकता है।वायरल वीडियो में नजर आ रहे शख्स ने बताया कि उसका नाम ‘साहिल देशवाल’ है। वायरल वीडियो को लेकर साहिल कह रहा है कि यह सब फेक है और मुंशी ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। 

इसी तरह एक इंस्टाग्राम यूजर ‘dipendrakiduniya’ ने 25 जून 2026 को वायरल वीडियो के बारे में जानकारी पोस्ट की है। इस वीडियो में साहिल अपने बारें में बता रहा है। साहिल ने बताया कि ईंट भट्ठे पर मौजूद मुंशी ने वीडियो बनाकर वायरल किया था।

इस सम्बन्ध में हमारी बातचीत साहिल के भाई गुलफाम से भी हुई। उन्होंने बताया, ‘हम बचपन से ही बागपत के काठा गांव में रह रहे हैं। मेरे तीन भाई हैं। सबसे छोटे भाई का नाम साहिल है। वह ईंट भट्ठे पर काम करता है। एक दिन मुंशी ने उसको अंग्रेज बताते हुए वीडियो बना दी। तब से ये अफवाह चल रही है। साहिल का बचपन से रंग रूप अंग्रेजों जैसा है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *