Breaking
7 May 2026, Thu

ये 8 वीडियो पश्चिम बंगाल में मीट की दुकानों को बंद करवाने के नहीं हैं

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। बीजेपी 294 सीटों वाली राज्य विधानसभा में 207 सीटें जीतकर पहली बार सरकार बनाने जा रही है। दूसरी ओर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस ने बंगाली अस्मिता और खान-पान की आजादी का मुद्दा बनाया, उन्होंने कहा कि भाजपा अगर बीजेपी सत्ता में आ गई तो बंगालियों का मछली-भात खाना बंद करवा देगी। टीएमसी नेताओं के इस बयान के बाद बंगाल में भाजपा के नेताओं को हाथों में मछली लेकर प्रचार तक करना पड़ा। वहीं अब चुनाव नतीजों के बाद के बाद सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है, इस वीडियो के साथ लोग दावा कर रहे हैं कि बंगाल में मांस की दुकानों को बंद किया जा रहा है।

सबा खान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘बंगाल में मुसलमानों की दुकान बंद कराना शुरू हो गया,  भाजपा लाओ और अपराध को एंजॉय करो।’

कांग्रेस कार्यकर्त्ता मनीष सूद ने इन्स्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘शाकाहारी पश्चिम बंगाल की शुरुआत! अच्छे दिन आ गए! पश्चिम बंगाल में मछली की दुकान में तोड़फोड़ कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा एक मछली की दुकान में तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई यह वीडियो अब वायरल हो रहा है और कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।’

इसके अलावा मोईनी ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने देखा कि इस वीडियो को 8 अलग अलग क्लिप जोड़कर बनाया गया है। इन सभी वीडियो में मीट की दुकानों को बंद करने को कहा जा रहा है।

पड़ताल में हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को रिवर्स सर्च किया तो इस वीडियो का एक बड़ा वर्जन हमे इन्स्टाग्राम पेज पर ‘Hindu tv watch’ पर मिला। इस वीडियो को 28 नवम्बर 2025 को अपलोड किया गया था। कैप्शन में वीडियो को दिल्ली के गोकुलपुरी का बताया गया है।

इसी वीडियो में एक दुकान के शटर और दीवार पर भी गोकुलपुरी लिखा है, जिससे इस वीडियो के लोकेशन की पुष्टि होती है।

वहीं एक अन्य वीडियो में हिन्दुत्वादी संगठन ने स्पष्ट किया है कि गोकुलपुरी में मंदिर के पास मीट की दूकान खोलने की वजह से उन्हें बंद कराया गया था। राहुल शर्मा ने कहा कि मंदिर के नजदीक मांस बेचा जा रहा था, किसी भी धार्मिक स्थल से कम से कम 500 मीटर की दूरी बनाए रखनी होगी।

यह वीडियो हमें reelpesealofficial नाम के इंस्टाग्राम पेज पर मिला। वीडियो को 7 मार्च को अपलोड किया गया था जिसके मुताबिक यह वीडियो हरियाणा के फरीदाबाद का है, जहां कथित हिंदुत्ववादी संगठन के लोगों ने एक मीट की दुकान का नाम ‘माँ काली’ के नाम से रखने पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि मांसाहारी खाने के स्टॉल के लिए किसी धार्मिक नाम का इस्तेमाल करना अपमानजनक है।

यह वीडियो पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के शहर श्रीरामपुर का है। जहाँ 30 मार्च को रामनवमी पर मुखर्जी रेस्टोरेंट पर हमला हुआ था। इस सम्बन्ध में TV9 की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक रामनवमी जुलूस के दौरान राम भक्त हथियार दिखा रहे थे। मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही पुलिस ने जुलूस पर रोक लगा दी। इस पर पुलिस से बहस शुरू हो गई। जुलूस ने पुलिस के प्रतिबंध को लगभग नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ना जारी रखा। बट्टाला से पहले जुलूस में शामिल लोगों ने फिर से पुलिस से बहस शुरू कर दी। बट्टाला के एक रेस्तरां के सामने पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश के बाद स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई। पुलिसकर्मियों को गालियां दी जाने लगीं। आरोप है कि इसके बाद जुलूस में शामिल कुछ लोग रेस्तरां में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया। राम नवमी जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने रेस्तरां के सामने के दरवाजे का शीशा तोड़ दिया। सूचना मिलते ही सेरामपुर पुलिस स्टेशन और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्होंने स्थिति को नियंत्रण में किया।

पड़ताल में हमे इस वीडियो का लम्बा वर्जन दिल्लीमें पटपड़गंज से भाजपा विधायक रविन्द्र सिंह नेगी के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 7 नवम्बर 2024 को ‘मंडावली वार्ड मे छठ घाट के ठीक सामने मिट की दुकान है जिसे एक दिन के लिए दुकान बंद रखने का निवेदन किया’ कैप्शन के साथ अपलोड किया गया था। इस वीडियो की शुरुआत में दुकान के बोर्ड पर भी दिल्ली की लोकेशन लिखी है।

यह वीडियो यूपी के गाजियाबाद का है। जहाँ अक्टूबर 2020 में लोनी विधानसभा से भाजपा विधायक नन्द किशोर गुर्जर ने अवैध मीट दुकानों को बंद करवाया था।

यह वीडियो हमे 18 जुलाई 2025 को NDTV की रिपोर्ट में मिला। जिसके मुताबिक यह वीडियो यूपी के गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम क्षेत्र का है, जहाँ सावन के महीने में हिंदू रक्षा दल द्वारा नॉनवेज बेचने पर केएफसी को बंद करवाया गया था।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हिन्दू रक्षा दलों ने KFC और नजीर रेस्टोरेंट के सामने जमकर प्रदर्शन किया। हिन्दू रक्षा दल दल का कहना था कि सावन का महीना चल रहा है, ऐसे में ये नॉनवेज की दुकानें नहीं खुल सकती। हिन्दू रक्षा दल ने इसके लिए जबरन शटर बंद किया, पुलिस की मौजूदगी में अंदर घुसकर धमकाया। इस मामले में पुलिस ने कार्यवाई करते हुए हिन्दू रक्षा दल के लोगो पर मुकदमा दर्ज किया।

पड़ताल में हमे वायरल वीडियो की सांतवी क्लिप फिलहाल नहीं मिली है हालाँकि हमने इस सम्बन्ध में काफी गूगल सर्च किया और इसके पश्चिम बंगाल के होने की कोई पुष्टि नहीं है।

वहीं आँठवा और आखिरी क्लिप राजस्थान के जयपुर का है। दिसम्बर 2023 को प्रकाशित इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक जयपुर में भाजपा विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य ने हवा महल के पास मौजूद खुले में चल रही मीट की दुकानों को बंद करवाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *