Breaking
7 Jun 2026, Sun

पीएम मोदी ने महिलाओं से सोना बेचकर बैंक में जमा कराने की अपील नहीं, वायरल पोस्टकार्ड एडिटेड है

सोशल मीडिया पर एनबीटी का एक पोस्टकार्ड वायरल है। इस पोस्टकार्ड में दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी ने महिलाओं से कहा है कि उनको अपना सोना बेचकर उसे बैंकों में जमा कराना चाहिए। इस पोस्टकार्ड को शेयर करते हुए कई सोशल मीडिया यूजर्स सरकार और समर्थकों पर तंज कस रहे हैं।

विनोद चंद ने फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘अंध-भक्तों के लिए यह अंतिम परीक्षा है। आइए देखें कि सोना बेचने और बैंक खातों में पैसा जमा करने के लिए कितनी माता और बहनें कतार में लगेंगी जहां से इसे अंबानी और अडानी को ऋण के रूप में दिया जा सकता है।’

ठाकुर कुलदीप सिंह (स्वतंत्र विचार) ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मत करना कहीं बैंक डिफॉल्टर हुआ तो धन भी जाएगा और सोना तो पहले ही गया।’

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने एनबीटी के फेसबुक पेज को खंगाला, एनबीटी के फेसबुक पेज की जांच में हमें वायरल पोस्टकार्ड नहीं मिला। इसके बजाय हमें अलग टेक्स्ट वाला मूल पोस्टकार्ड मिला। इस पोस्टकार्ड को 4 मई 2025 को पोस्ट किया गया था, पोस्टकार्ड पर लिखा था, ‘मैं आज हर बंगालवासी को भरोसा देता हूं, बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए, भाजपा दिन-रात एक कर देगी…’

पोस्टकार्ड के साथ साझा किए गए कैप्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान भी दिया गया था। इसमें कहा गया, ‘बंगाल के भविष्य की एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है जहां विकास, अटूट विश्वास और नई उम्मीदें कदम से कदम मिलाकर चलेंगी। मैं आज हर बंगालवासी को भरोसा देता हूं, बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए, भाजपा दिन-रात एक कर देगी। बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन रुकेगा। पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान भारत योजना को हरि झंडी दिखाई जाएगी और घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।’

इस सम्बन्ध में हमे एनबीटी की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट भी मिली। 4 मई को प्रकाशित इस रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिम बंगाल में मिली बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्‍ली स्थित भाजपा मुख्‍यालय लोगों को संबोधित किया था। इस दौरान पीएम ने कहा, ‘बंगाल के भविष्य की एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है जहां विकास, अटूट विश्वास और नई उम्मीदें कदम से कदम मिलाकर चलेंगी। मैं आज हर बंगालवासी को भरोसा देता हूं, बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए, भाजपा दिन-रात एक कर देगी। बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन रुकेगा।’

इसके अलावा हमे 10 मई को प्रकाशित NBT की एक और रिपोर्ट भी मिली। रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी ने हैदराबाद में देशवासियों से वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के दौर में जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी दैनिक आदतों में बदलाव लाकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दें। उन्होंने लोगों से एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने का आग्रह किया, ताकि विदेशी मुद्रा के अनावश्यक बहिर्वाह को रोका जा सके। साथ ही, उन्होंने पेट्रोल और डीजल के संयमित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि तेल की बचत से देश की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *