Breaking
8 Jul 2026, Wed

श्रीगंगानगर दुष्कर्म मामले के आरोपियों की ‘पुलिस परेड’ बताकर गुजरात का पुराना वीडियो वायरल है

राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक नाबालिग लड़की से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। इस मामले में अब तक 18 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। नाबालिग लड़की के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर देश भर में आक्रोश है। इस दुखद घटना के बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पुलिस कुछ आरोपियों के हाथ रस्सी से बांधकर उनकी सार्वजनिक परेड कराती और उन्हें पीटती हुई नजर आ रही है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो राजस्थान के श्रीगंगानगर का है। जहां 13 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म मामले में पुलिस आरोपियों को रस्सी से बांधकर घुमा रही है।

क्या लिख रहे हैं लोग?

कविश अजीज ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘शरीर रस्सी से बंधा है, हाथ जोड़ रहे हैं , भीख मांग रहे हैं, मजलूम बने हुए हैं.. जानते हैं यह लोग कौन हैं यह वह 32 दरिंदे हैं जिन्होंने 5 दिन तक एक 13 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप किया’

प्रीति चौबे ने लिखा, ‘महज 13 साल की बच्ची के साथ 32 लोगों ने 5 दिन हैवानियत बहुत ही दर्दनाक और शर्मनाक है! ऐसी घटनाएं सिर्फ एक परिवार को नहीं बल्कि पूरे समाज को झकझोर देती है! दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाये जाये’

सहर शैख़ ने लिखा, ’13 साल की बच्ची के साथ खौफनाक दरिंदगी करने वाले अब खुद जिंदगी की भीख मांग रहे हैं! इन लोगों को अगर फांसी भी दे दी जाए तब भी ये सज़ा कम है! लेकिन इन लोगों को फांसी ही होनी चाहिए तभी उस बच्ची को न्याय मिलेगा’

The Tatva ने लिखा, ‘राजस्थान में 13 साल की बच्ची से रेप के 32 आरोपियों को भीड़ ने घुमाया और पीटा’

इसके अलावा गौरव, मोहित नागर, ममता त्रिपाठी ने भी इस वीडियो को शेयर किया है

क्या है हकीकत?

हमने वायरल वीडियो के अलग अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यही वीडियो हमे 19 मार्च 2026 को एक एक्स पोस्ट मिला। ‘Shining India News’ के करीबन 3 माह पुराने इस पोस्ट में बताया गया है कि गुजरात के पाटन ज़िले में हिंसक हमले के बाद 18 आरोपी गिरफ़्तार। 15 मार्च को ज़िलिया गाँव के एक फ़ार्महाउस पर 15-20 हथियारबंद हमलावरों ने हिंसक हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हुए और काफ़ी नुकसान हुआ। बताया जा रहा है कि यह झगड़ा मंदिर के दान को लेकर चल रहे पुराने विवाद से जुड़ा था। गुजरात पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए 18 आरोपियों को गिरफ़्तार किया और बाद में कानून-व्यवस्था के प्रति कड़ा संदेश देने के लिए उनकी सार्वजनिक परेड कराई और घटनाक्रम को फिर से दोहराकर (री-कंस्ट्रक्शन) जाँच की।

हमने इन कीवर्ड्स को गूगल सर्च किया आज तक और एनबीटी की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट मिली। तीन माह पुरानी प्रकाशित दोनों रिपोर्ट में बताया गया है कि गुजरात के पाटन जिले के चाणस्मा तालुका के झीलिया गांव में 15 मई की रात तलवारों और लाठियों से लैस करीब 20 लोगों ने गांव के भावेश देसाई के फार्महाउस पर हमला किया। हमलावरों ने फार्महाउस के गेट और दीवारों को नुकसान पहुंचाया और वहां मौजूद लोगों को जान से मारने की धमकी दी।

इस प्रकरण में अफसरों के निर्देश पर कई टीमें बनाई गईं। पुलिस टीम ने जगह-जगह छापेमारी की और 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हाथों में रस्सी बांधकर चाणस्मा पुलिस थाने से लेकर बस स्टैंड तक जुलूस निकाला। आम पब्लिक के बीच आरोपियों से सड़क पर उठक-बैठक कराई गई। फिर पुलिस टीम ने डंडों की बरसात कर दी। आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। इसके बाद पुलिस उन्हें भावेश देसाई के फॉर्महाउस लाई, जहां 15 मार्च की घटना को रीक्रिएट किया गया। परेड के बाद आरोपियों को पाटन की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने 23 मार्च तक के लिए पुलिस रिमांड दे दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *