Breaking
27 Jun 2026, Sat

ऑपरेशन सिंदूर में शहीद 6 जवानों के नाम एक साल तक छुपाने का दावा फर्जी है

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई 2025 की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ चलाया और पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद पाकिस्तान ने ड्रोन-मिसाइल हमले किए जवाब में भारत ने नूर खान समेत 11 सैन्य ठिकानों रफीकी, मुरीद, सुक्कुर, सियालकोट, पसरूर, चुनियन, सरगोधा, स्कर्दू, भोलारी और जैकोबाबाद को निशाना बनाया। पड़ोसी मुल्क की गुहार के बाद भारत और पाकिस्तान 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हुए थे। इस घटनाक्रम को लेकर अब दावा किया जा रहा है कि भारत सरकार ने एक साल बाद पहली बार ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए 6 जवानों के नाम सार्वजानिक किए हैं। इससे पहले तक इन नामों को छुपाकर रखा गया।

इंडिया टुडे ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘सरकार ने पहली बार उन पांच भारतीय सेना और एक वायु सेना के जवानों की पहचान सार्वजनिक की है, जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान शहीद हुए थे। यह ऑपरेशन पिछले साल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना हमले के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों के ख़िलाफ़ भारत की सैन्य कार्रवाई थी।’

पत्रकार नरेंद्र नाथ मिश्रा ने एक्स पर लिखा, ‘एक साल बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए भारतीय सेना के जवानों के नाम की सूची जारी की। इसके अनुसार ऑपरेशन में भारत के 6 जवान शहीद हुए थे।  इनके नाम हैं-पवन कुमार,सुनील कुमार, दिनेश कुमार, मुरलीनाइक, सुनील कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार।’

गोविन्द प्रताप सिंह ने लिखा, ‘मोदी सरकार ने अब ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए भारतीय जवानों के नाम साझा किए हैं.  ये वो नाम हैं • सूबेदार मेजर पवन कुमार (इंडियन आर्मी) • राइफलमैन सुनील कुमार, वीर चक्र (इंडियन आर्मी) • लांस नायक दिनेश कुमार (इंडियन आर्मी) • एविएशन टेक्नीशियन मुरलीनायक (इंडियन आर्मी) • हवलदार सुनील कुमार सिंह (इंडियन आर्मी) • सार्जेंट सुरेंद्र कुमार, वायु मेडल (इंडियन एयर फोर्स)’

अशोक कुमार पांडे ने लिखा, ‘क्षमा करना शहीदों, इस सरकार ने साल भर तुम्हारा नाम भी छिपा कर रखा।   श्रद्धांजलि  शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार  शहीद राइफलमैन सुनील कुमार  शहीद लांस नायक दिनेश कुमार  शहीद अग्निवीर मूद मुरलीनायक  शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह  शहीद सार्जेंट सुरेन्द्र कुमार   आपकी कुर्बानियों पर गर्व है हमें।  कृतज्ञ राष्ट्र का नमन स्वीकार करें।’

आदेश रावेल ने लिखा, ‘देश को आज बताने की आवश्यकता है कि आपरेशन सिंदूर के दौरान भारत माता की रक्षा करते हुए हमारे 6 जवान शहीद हुए थे।13 महीने 17 दिन बाद ही सही लेकिन देश तक सच्चाई पहुँचनी चाहिए कि सूबेदार मेजर पवन कुमार सुनील कुमार दिनेश कुमार मुरली नाइक हवलदार सुनील कुमार सुरेन्द्र कुमार ने देश के लिए बलिदान दिया। सवाल बस एक ही है कि,इन जवानों के बलिदान को क्यों छिपाया गया?’

समाजवादी पार्टी के नेता विशाल ज्योतिदेव अग्रवाल ने लिखा, ‘मोदी सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों के नाम छुपाकर, शहीदों से तो अंतिम सम्मान का उनका अधिकार छीना ही, देशवासियों से भी अपने शहीद को अंतिम विदाई देने का पुण्य अवसर छीन लिया! यह देश नरेंद्र मोदी को कभी माफ़ नहीं करेगा’

एक पाकिस्तानी Shaiq Uddin यूजर ने लिखा, ‘पाकिस्तान सरकार ने अपने सभी शहीदों—चाहे वे आम नागरिक हों या सैनिक—को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया। वहीं दूसरी ओर, भारत ने एक साल से ज़्यादा समय तक अपने नुकसान को छिपाए रखा; रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में कहा कि एक भी भारतीय घायल नहीं हुआ। शायद मारे गए सैनिकों की बात ‘विश्वगुरु’ की छवि के लिए अच्छी नहीं रहती।’

पत्रकार अनुशा रवि सूद ने लिखा, ‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों के नामों की आधिकारिक घोषणा करने में मोदी सरकार को 400 दिन लग गए।’

नेहा सिंह राठौर ने लिखा, ‘ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए 6 भारतीय सैनिकों की पहचान सरकार ने अब जाकर सार्वजनिक की है. इन शहीदों को उनके हिस्से का सम्मान अब तक क्यों नहीं दिया गया? नाखून कटवाने को भी देश पर एहसान बताने वाले इन भाजपाइयों ने एक तरफ़ से सबका हक़ मारा है. लानत है!’

पत्रकार राकेश पाठक ने लिखा, ‘मो दी सरकार ने छुपाई जवानों की शहादत..! ▪️ ऑपरेशन सिंदूर में थलसेना के पांच और वायुसेना के एक जवान ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। ▪️ नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट पर शहीदाें के नाम का खुलासा। ▪️ राजनाथ ने संसद में सफेद झूठ बोलकर देश को धोखा दिया। ▪️ अजित डोभाल ने दावा किया था कि इस लड़ाई में एक कांच भी नहीं टूटा।’

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने लिखा, ‘देश की संसद में रक्षा मंत्री जी का खुलेआम झूठ बोलना कि कोई क्षति नहीं हुई और अब साल भर बाद 6 शहीदों के नाम सार्वजनिक करना। ये सरकार संसद में झूठ बोलती है और अपनी पीठ थपथपाती है। साल भर तक सैनिकों की शहादत को ना स्वीकारना, ये उन शहीदों के परिजनों के ऑंसुओं का भी अपमान है।’

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमने सम्बंधित कीवर्ड्स को गूगल सर्च किया तो समाचार एजेंसी IANS के एक्स अकाउंट पर 11 मई 2025 का पोस्ट मिला। जिसके मुताबिक भारतीय सैन्य अधिकारियों ने पहलगाम में आतंकी हमले के बाद चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए पांच सैनिकों और नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने उनके बलिदानों को उजागर किया।

DGMO लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा, “मैं सशस्त्र बलों के अपने पांच शहीद साथियों और भाइयों, और साथ ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में दुखद रूप से जान गंवाने वाले नागरिकों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और हम उनके जीवन के इस कठिन दौर में उनके साथ एकजुटता व्यक्त करते हैं। एक कृतज्ञ राष्ट्र उनके बलिदानों को हमेशा याद रखेगा और उनका सम्मान करेगा…”

दिनेश कुमार: पड़ताल में आगे हमे भारतीय सेना की 16वीं कोर ‘व्हाइट नाइट को’र के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट मिला। व्हाइट कोर नाइट ने 7 मई को अपनी पोस्ट में लिखा, ‘GOC और #WhiteKnightCorps के सभी रैंक, 5 Fd Regt के L/Nk दिनेश कुमार के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करते हैं, जिन्होंने 07 मई 25 को पाकिस्तान सेना की गोलाबारी में अपनी जान गंवा दी। हम #Poonch सेक्टर में निर्दोष नागरिकों पर हुए लक्षित हमलों के सभी पीड़ितों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।’

लांस नायक दिनेश कुमार को लेकर हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पर लिखा, ‘भारत माता के लाल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान की नापाक गोलीबारी में वीरगति प्राप्त करने वाले हरियाणा के सपूत, शहीद लांस नायक दिनेश शर्मा जी के गांव नगला मोहम्मदपुर, गुलावद (पलवल) स्थित घर पर उनके परिजनों से भेंट हुई। परिजनों से हुई इस हृदयस्पर्शी भेंट के दौरान परिवार को सांत्वना दी। हमें अपने लाल के बलिदान पर गर्व है, यह क्षति पूरे राष्ट्र की क्षति है।’

नायब सैनी ने एक पोस्ट में लिखा, ‘शहीद जवान लांस नायक दिनेश कुमार जी के परिवार को लगभग ₹4 करोड़ की मदद…’

राइफलमैन सुनील कुमार: भारतीय सेना की ‘राइजिंग स्टार कॉर्प्स’ (9 कोर) ने 14 मई 2025 को एक पोस्ट में लिखा, ‘राइजिंग स्टार कॉर्प्स, #TigerDivision के #Braveheart राइफलमैन सुनील कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। इस गहरे दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।’

इसके बाद 15 मई 2025 को ‘भारतीय सेना का अतिरिक्त जनसंपर्क महानिदेशालय‘ ने एक्स पर लिखा, ‘जनरल उपेंद्र द्विवेदी, थल सेनाध्यक्ष (COAS), तथा भारतीय सेना के सभी अधिकारी एवं जवान ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्तव्य का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर राइफलमैन सुनील कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। राइफलमैन सुनील कुमार ने अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी वीरता और पराक्रम सदैव हमारे हृदयों में अमिट रूप से अंकित रहेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। इस दुःख की घड़ी में भारतीय सेना शोकाकुल परिवार के साथ दृढ़ता से खड़ी है’

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल के अधिकारिक एक्स हैंडल ने 11 मई 2025 को एक पोस्ट में लिखा, ‘देश के लिए अपनी ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सेना के बहादुर जवान राइफलमैन सुनील कुमार को श्रद्धांजलि। भारत उनकी निस्वार्थ सेवा और सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। हम शोक संतप्त परिवार के साथ एकजुटता से खड़े हैं।’

पड़ताल में यह भी पता चलता है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राइफलमैन सुनील कुमार को मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया है। उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट से लिखा गया, ‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राइफलमैन सुनील कुमार, 4 जम्मू और कश्मीर लाईट इन्फैन्ट्री, को कर्तव्य के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और असाधारण साहस के लिए मरणोपरांत वीर चक्र प्रदान किया। सीमा चौकी खारकोला पर तैनाती के दौरान उन्होंने अपने बंकर के बेहद करीब एक सशस्त्र खतरे को देखा और अपनी लाइट मशीन गन से उसे मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया और वीरगति को प्राप्त हुए।’

पवन कुमार: व्हाइट नाइट कोर ने 16 मई 2025 को अपने पोस्ट में लिखा, ‘#GOC और #WhiteKnightCorps के सभी रैंक #OpSindoor के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले #Braveheart सूबेदार मेजर पवन कुमार के अटूट साहस को सलाम करते हैं। उनकी वीरता और कर्तव्य के प्रति उनके समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में हम उनके शोक-संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।’

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने 10 मई 2025 को एक्स पर लिखा, ‘हिमाचल प्रदेश के वीर सपूत सूबेदार मेजर पवन कुमार जी देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए हैं। हिमाचल सरकार उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती है। मैंने शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार जी के पिताजी से बात की है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सूबेदार मेजर पवन कुमार जी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाए।’

मुरली नाइक: व्हाइट नाइट कोर ने 20 मई को अपनी पोस्ट में लिखा, ‘GOC और #WhiteKnightCorps के सभी रैंक #OpSindoor के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले अग्निवीर मूड मुरली नाइक को सलाम करते हैं। उनकी बहादुरी और कर्तव्य के प्रति उनका समर्पण हमारी यादों में हमेशा बसा रहेगा। हम शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।’

मुरली नाइक को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू ने लिखा, ‘यह दुखद है कि श्री सत्य साईं जिले के पेनुकोंडा विधानसभा क्षेत्र के गोरंटला मंडल के सैनिक मुरली नाइक ने देश की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवा दी। मैं देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद मुरली नाइक को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’

हवलदार सुनील कुमार सिंह: व्हाइट नाइट कोर ने 7 जून 2025 को अपनी पोस्ट में लिखा, ‘#GOC और #WhiteKnightCorps के सभी रैंक #OpSindoor के दौरान ड्यूटी पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले #Braveheart हवलदार सुनील कुमार सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हैं।  गंभीर रूप से घायल होने के बाद, उन्होंने कमांड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान बहादुरी से संघर्ष किया और 06 जून 2025 को उनका निधन हो गया।  उनका अटूट साहस, कर्तव्य-निष्ठा और बलिदान हमेशा हमारे दिलों में बसा रहेगा।  इस गहरे दुख की घड़ी में हम शोक संतप्त परिवार के साथ एकजुटता से खड़े हैं।’

बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 7 जून 2025 को एक्स पर लिखा, ‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान घायल हुए बिहार के बक्सर जिले के सेना के हवलदार सुनील कुमार सिंह जी के शहीद होने पर मर्माहत हूं। उनकी शहादत को देश हमेशा याद रखेगा। वीर सपूत की शहादत पर उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है। शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह जी के निकटतम आश्रित को राज्य सरकार की ओर से अनुमान्य सम्मान राशि दी जाएगी। साथ ही राज्य सरकार की ओर से उनका अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा।’

सुरेंद्र कुमार: भारतीय वाउसेना के अधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी एक पोस्ट मिला 13 अगस्त 2025 के इस पोस्ट में बताया गया है, ‘एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और श्रीमती सरिता सिंह ने राजस्थान के झुंझुनू ज़िले के मेहरादासी गाँव का दौरा किया। यह गाँव स्वर्गीय सार्जेंट सुरेंद्र कुमार का घर था, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान ड्यूटी करते हुए अपनी जान दे दी थी। उनके घर पर वे उनकी माँ श्रीमती नानू देवी, पत्नी श्रीमती सीमा और बच्चों वृतिका व दक्ष से मिले। यह बताना ज़रूरी है कि झुंझुनू का देश सेवा का गौरवशाली इतिहास रहा है; इस ज़िले से 21,700 पूर्व सैनिक हैं और भारतीय वायु सेना में 3,552 वायु सैनिक (एयर वॉरियर्स) सेवा दे रहे हैं।’

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 10 मई 2025 को एक्स पर लिखा, ‘राष्ट्र सुरक्षा का कर्तव्य-निर्वहन करते हुए उधमपुर एयर बेस पर वीरगति को प्राप्त राजस्थान के बेटे, झुंझुनूं निवासी, भारतीय सेना के जवान श्री सुरेंद्र सिंह मोगा जी की शहादत का समाचार अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्रीराम पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’

अपनी पड़ताल में हमे मीडिया आउटलेट ‘द लल्लनटॉप‘ की एक रिपोर्ट भी मिली। 14 मई 2025 को प्रकाशित इस रिपोर्ट में बताया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह किया। इसके बाद पाकिस्तान ने एलओसी पर फायरिंग की, पाकिस्तान ने सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाया। इस दौरान भारतीय सेना के 7 जवान समेत जम्मू कश्मीर के एक प्रशासिनिक अधिकारी शहीद हुए।

रिपोर्ट में आगे शहीद जवानों सर्जेंद्र सुरेन्द्र मोगा, राईफलमैन सुनील कुमार, सिपाही मुरली नाइक, बीएसएफ सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज, लांस नायक दिनेश शर्मा, बीएसएफ जवान दीपक चिंगाखम, सूबेदार मेजर पवन कुमार के सम्बन्ध में बताया गया है। रिपोर्ट में यह भी नजर आता है कि सभी जवानों का सैन्य नियमों के मुताबिक विदाई दी जा रही है।

पड़ताल में हमे 15 जनवरी 2026 को प्रकाशित NBT की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान की राजधानी जयपुर में 78वें सेना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य परेड में सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और आतंकवाद विरोधी अभियानों में अदम्य साहस दिखाने वाले पांच शहीदों को मरणोपरांत ‘सेना मेडल वीरता’ से सम्मानित किया। आर्मी जनरल ने सूबेदार मेजर पवन कुमार, हवलदार सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, लांस नायक सुभाष कुमार और लांस नायक प्रदीप कुमार को (मरणोपरांत) सेना मेडल वीरता पुरस्कार प्रदान किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *