Breaking
16 Sep 2026, Wed

कनाडा में भारतीय मूल की महिला और किराएदार के बीच बीफ को लेकर विवाद नहीं हुआ था

सोशल मीडिया पर बीते दिनों दो वीडियो काफी वायरल हुए। लोगों ने दावा किया कि कनाडा में भारतीय मूल की हिंदू महिला ने अपने किराएदार के बीफ पकाने का विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

क्या लिख रहे हैं लोग?

पत्रकार कविश अजीज ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘अमेरिका में, हिंदुत्व विचारधारा वाली एक महिला अपने किराएदारों के बीफ़ खाने पर आपत्ति जताती है और पुलिस बुलाने की धमकी देती है।  इस महिला के लिए सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि सिर्फ़ मुसलमान ही बीफ़ नहीं खाते हैं।’

शुक्लाजी ने लिखा, ‘वह बीफ़ खा रहा है और यह उसकी निजी पसंद है; वह जो चाहे खा सकता है। ये असुरक्षित और अति-धार्मिक लोग देश के लिए शर्म की बात हैं। अब समय आ गया है कि अमेरिका और कनाडा, BJP के भक्तों को निवासी के तौर पर लेना बंद कर दें।’

मिल्लत टाईम्स ने लिखा, ‘कनाडा में बीफ बनाने से रोकने और किरायेदार को परेशान करने पर भारतवंशी महिला गिरफ्तार’

द लाइव टीवी ने लिखा, ‘बीफ पकाने से रोकने वाली भारतीय महिला गिरफ्तार, कनाडाई पुलिस ने हाथ मरोड़कर पहनाई हथकड़ी.’

अल्का मौर्या ने लिखा, ‘जब आप नरेंद्र मोदी की बातों को सच समझ लेंगे तो विदेश में जाकर ऐसे ही हगेंगे…. इस महिला को आपत्ति थी कि पड़ोसी मांस बीफ क्यों खा रहे हैं और उनको डांट लगाई थी। पड़ोसियों ने शिकायत कर दी और अब पुलिस इनको लेके जा रही है। बेचारी ने भारत समझ रखा था’

अलीशा ने लिखा, ‘कनाडा में एक हिंदू महिला—जिसे शायद लगा कि वह भारत में है—अपने पड़ोसी को बीफ़ ग्रिल करते देख भड़क गई; उसने पड़ोसी से बहस शुरू कर दी और पुलिस बुलाने की धमकी भी दी। हालाँकि, पड़ोसी ने ही पुलिस को बुलाया और महिला को गिरफ़्तार कर लिया गया।’

इसके अलावा पायल यादव, नाजनीन अख्तर, प्रेम भारद्वाज, इन्द्रजीत बराक, अभी, दे भचीड़ ने भी यही दावा किया।

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमे सबसे पहले इन वीडियो का असल सोर्स मिला। इन्स्टाग्राम पर ‘टिवाना फार्म सर्वाइवर’ नाम के अकाउंट से 9 सितंबर 2026 को दोनों पक्षों में बहस का वीडियो सबसे पहले अपलोड किया था। यहीं से ये वीडियो वायरल हुआ।

पड़ताल में सबसे पहले हमने इस वीडियो को ध्यानपूर्वक देखा और सुना। हमने पाया कि इस वीडियो में दोनों ही पक्ष द्वारा कहीं भी बीफ या उसको पकाने को लेकर किसी भी तरह की आपत्ति का ज़िक्र नहीं किया गया है।

वीडियो में महिला ग्रिल पर पक रहे मांस को फेंकने की कोशिश करती है, तो मांस पका रहा शख्स उक्त महिला का विरोध करते हुए यह कहता है, “आप क्या कर रहे हैं, यह हमारा खाना है।” इसके बाद जब महिला कहती है, “आप यह नहीं कर सकते हैं, क्योंकि यह मेरी प्रॉपर्टी है।” इस पर वह शख्स फिर से कहता है, “हम सिर्फ ग्रिल पर स्टेक पका रहे हैं और इससे आपकी प्रॉपर्टी को कोई नुकसान नहीं हो रहा है।”

एक अन्य पोस्ट में बताया गया है कि मकान मालिक महिला(राज) बिजली काट देती है। पोस्ट में एक चैटिंग एप का स्क्रीनशॉट भी लगाया गया है। जवाब में महिला किराया देने की बात कर रही है।

इसी अकाउंट पर 11 सितंबर 2026 का एक अन्य वीडियो भी मिला, जिसमें ‘कनाडा की सरे पुलिस’ राज नाम की महिला को हिरासत में लेती नजर आ रही है। इस वीडियो में भी बीफ का कोई जिक्र नहीं है।

इसके अलावा, हमें इस अकाउंट पर उक्त राज नाम की महिला से जुड़े कई अन्य वीडियो भी मिले, जिनमें वह अपने किरायेदारों के साथ विवाद करती नजर आ रही हैं। हालांकि, इनमें से किसी भी वीडियो में हमें बीफ या मीट को लेकर महिला की ओर से कोई आपत्ति या इससे जुड़ा कोई उल्लेख नहीं मिला।

अपनी पड़ताल में हमे इसके बाद वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला के फार्म ‘टिवाना फार्म मार्केट‘ का इंस्टाग्राम अकाउंट भी मिला। इस अकाउंट पर राज अटवाल नाम की उक्त महिला ने 12 सितंबर 2026 को एक वीडियो अपलोड कर अपना पक्ष रखा था। वीडियो में राज अटवाल ने बताया कि जिस वीडियो में पुलिस उन्हें हिरासत में ले जाती हुई दिखाई दे रही है, वह करीब 10 दिन पहले रिकॉर्ड किया गया था।

उन्होंने गिरफ्तारी के दावे को स्पष्ट करते हुए कहा कि पुलिस उन्हें केवल उनकी गाड़ी तक लेकर गई थी और इसके बाद उन्हें वहीं से छोड़ दिया गया था। अपने वीडियो में राज ने यह भी बताया कि पूरा विवाद किराए को लेकर था। उनके मुताबिक, संबंधित किराएदार किराया नहीं दे रहे थे और प्रॉपर्टी को नुकसान भी पहुंचा रहे थे। राज ने आगे कहा कि अब उक्त किराएदार से प्रॉपर्टी खाली करा ली गई है और इस मामले में पुलिस तथा उनके वकील अपनी प्रक्रिया के तहत काम कर रहे हैं।

हमें रेड एफएम न्यूज के यूट्यूब अकाउंट पर राज अटवाल का एक इंटरव्यू भी मिला। यह इंटरव्यू पत्रकार प्रतीक सिंह महल ने लिया था। इंटरव्यू के दौरान राज टिवाना ने बीफ विवाद के दावे को स्पष्ट रूप से खारिज किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में बीफ को लेकर कोई विवाद हुआ ही नहीं था। राज ने यह भी कहा कि वह बचपन से ही मीट खाती हैं। इस इंटरव्यू में राज ने अपने मौजूदा किराएदार के साथ पहले से चले आ रहे विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रॉपर्टी से पहले हटाए गए एक भारतीय किराएदार का उल्लेख करते हुए कहा कि जब से उक्त किराएदार से मकान खाली करवाया गया, तभी से उनके लिए यह समस्या शुरू हुई। राज के मुताबिक, उस पूर्व किराएदार ने मौजूदा किराएदार मार्क के साथ मिलकर उनके साथ दोबारा विवाद शुरू कर दिया। उन्होंने इस पूरे मामले को किराया न देने और प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद के रूप में बताया।

अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने कनाडा की सरे पुलिस सर्विस (SPS) से भी संपर्क किया। हमारे ईमेल के जवाब में SPS के मीडिया रिलेशंस से जुड़े इयान मैकडोनाल्ड ने बताया कि यह मामला मकान मालकिन और किराएदारों के बीच पहले से चला आ रहा विवाद था, जिसके दौरान दोनों पक्षों ने अलग-अलग मौकों पर सहायता के लिए पुलिस को संपर्क किया था। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में एक मौके पर मकान मालकिन को गिरफ्तार किया गया था लेकिन यह गिरफ्तारी बीफ, मीट, धर्म या किसी वैचारिक विवाद से संबंधित नहीं थी।

पुलिस के मुताबिक, उनकी गिरफ्तारी एक जारी जांच का हिस्सा है और इस मामले में अभी तक कोई आरोप स्वीकृत/दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि संबंधित किराएदार अब उस प्रॉपर्टी में नहीं रहते हैं और दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर पुलिस को अब कोई कॉल प्राप्त नहीं हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *