Breaking
20 Sep 2026, Sun

टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जिताने वाले नीरज चोपड़ा के जैवलिन को पीएम मोदी ने बेच दिया?

सोशल मीडिया पर भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा और उनके टोक्यो ओलंपिक के जैवलिन को लेकर एक पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में जिस जैवलिन से गोल्ड मेडल जीता था, वही जैवलिन उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गिफ्ट किया था और बाद में उसे ₹1.5 करोड़ में नीलाम कर दिया गया।

क्या लिख रहे हैं लोग?

पत्रकार रणविजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में ज‍िस जेवलिन से गोल्ड मेडल जीता था. नीरज चोपड़ा ने वो जेवलिन मोदी को ग‍िफ्ट क‍िया था. बाद में ये जेवलिन 1.5 करोड़ में बेच द‍िया गया.’

सरिता चौधरी ने लिखा, ‘रज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतने के बाद खुशी-खुशी अपना जेवलिन मोदी जी को भेंट किया था… मोदी जी ने उसे संभालकर रखने की बजाय ₹1.5 करोड़ में नीलाम करवा दिया।’

पत्रकार प्रभाकर मिश्रा ने लिखा, ‘नीलामी की ऐसी भी क्या जल्दी थी?’

इसी तरह का दावा मनीषा सिंह, नीलम, आशीष दुबे, गौरव सेठी, फैक्टशाला, रंगे हाथ ने किया है।

क्या है हकीकत? 

पड़ताल में हमें 7 अगस्त 2021 को प्रकाशित हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचते हुए जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में भारत के लिए पहला गोल्ड मैडल जीता था। वहीं, अगस्त 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की थी। इस दौरान नीरज चोपड़ा ने प्रधानमंत्री को एक जैवलिन भेंट किया था। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए इस मुलाकात के वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीरज चोपड़ा की इस मुलाकात के वीडियो में नीरज को पीएम मोदी को जैवलिन देते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में मोदी जैवलिन को लेकर नीरज से नीलामी करने की बात भी करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीरज चोपड़ा से कहते हैं, ‘यह मैं ऑक्शन कर देता हूं, चलेगा?’ बाद में यही जैवलिन प्रधानमंत्री को मिले दूसरे स्मृति चिन्हों के साथ ई-नीलामी में शामिल किया गया।

पड़ताल में आगे हमें नीरज चोपड़ा के आधिकारिक एक्स हैंडल पर 5 अक्टूबर 2021 को किया गया एक पोस्ट मिला। उन्होंने अपने पोस्ट में लोगों को अपने ‘Olympic javelin’ की नीलामी में बोली लगाने के लिए आमंत्रित किया और बताया कि नीलामी से प्राप्त राशि नमामि गंगे पहल के लिए इस्तेमाल की जाएगी।

वहीं भारत सरकार के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की 7 अक्टूबर 2021 की प्रेस रिलीज के मुताबिक, प्रधानमंत्री को मिले उपहारों और स्मृति चिन्हों की तीसरे दौर की ई-नीलामी 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2021 के बीच आयोजित की गई थी। इस नीलामी से प्राप्त राशि नमामि गंगे मिशन के लिए इस्तेमाल की जानी थी। नीरज चोपड़ा के जैवलिन को ₹1.5 करोड़ की बोली मिली थी। यह उस नीलामी में सबसे अधिक बोली प्राप्त करने वाले प्रमुख स्मृति चिन्हों में शामिल था। बाद में सितंबर 2022 में सामने आया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ₹1.5 करोड़ की विजयी बोली लगाकर इस जैवलिन को खरीदा था। यह जानकारी टाइम्स ऑफ इंडिया ने प्रकाशित की थी।

क्या यही जैवलिन था जिससे नीरज ने गोल्ड जीता था?

पड़ताल में आगे हमें अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की वेबसाइट पर 27 अगस्त 2022 को प्रकाशित एक प्रेस रिलीज में नीरज चोपड़ा द्वारा टोक्यो 2020 में गोल्ड मेडल जीतने के लिए इस्तेमाल किये गए जैवलिन के बारे में जानकारी मिली। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की आधिकारिक प्रेस रिलीज में स्पष्ट रूप से बताया गया कि नीरज चोपड़ा ने टोक्यो 2020 में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने के लिए इस्तेमाल किया गया जैवलिन द ओलंपिक म्यूजियम, लॉज़ेन, स्विट्जरलैंड को भेंट किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *