Breaking
18 Jun 2026, Thu

देवरिया में लेखपाल हमले के सभी आरोपी ठाकुर जाति से नहीं हैं

उत्तर प्रदेश के देवरिया में दो पक्षों के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वजातियों ने राजस्व कर्मचारी लेखपाल ‘अमरनाथ कुशवाहा’ के साथ मारपीट की। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ प्रशासन द्वारा कोई करवाई नहीं हुई। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।

क्या लिख रहे हैं लोग?

PK नाम के एक्स हैंडल ने वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘उत्तरप्रदेश के देवरिया में … मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वजातीय गुंडों ने राजस्व कर्मचारी लेखपाल “अमरनाथ कुशवाहा” के मारपीट की ! फिर प्रशासन द्वारा कोई करवाई नहीं हुई , न तो पीड़ित को न्याय मिला! उत्तरप्रदेश में इन दोनों ठाकुरों के गुंडई से पूरी यूपी की जनता परेशान है!’

यूथ आर्मी नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, ‘योगी सरकार में गुंडे माफिया इतने डरे हुए है कि पहले सरकारी काम में बाधा डालते है फिर राजस्व कर्मचारी लेखपाल अमरनाथ कुशवाहा के साथ मारपीट करते है। योगी जी स्वजातीय खुलेआम अपराध कर रहे है और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी अपने समाज के पीड़ित को न्याय ये आदेश तक नहीं दे पा रहे है।’

शिवम ने लिखा, ‘उत्तरप्रदेश के देवरिया में लेखपाल अमरनाथ कुशवाहा को मुख्यमंत्री योगी के स्वजातीय गुंडों उदय प्रताप सिंह, सुदेश, अतुल, संजय, हृदयानंद ने पीटा. पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.’

क्या है हकीकत?

दावे की पड़ताल में मामले से संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें 15 जून को प्रकाशित अमर उजाला की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र के मुसैला खुर्द गांव की है। भटनी क्षेत्र के सल्हपुर निवासी मीना देवी पत्नी अनिरुद्ध प्रसाद ने अपने मायके धनौती के पास ही मुसैला खुर्द में एक साल पहले मकान बनवाने के लिए दो डिस्मिल बैनामा लिया था। उनका कहना है कि भूमि पर अभी विक्रेता और प्लाटिंग करने वाले का कब्जा है। इसकी शिकायत राजस्व विभाग से की थी।

Source: Amar ujala

महिला ने बताया कि तहसीलदार अलका सिंह के निर्देश पर रविवार को सुबह करीब 11 बजे लेखपाल ओमप्रकाश कुशवाहा मुसैला खुर्द गांव में पहुंचे। वहां वह अभी भूमि की जांच-पड़ताल कर रहे थे, तभी विक्रेता और प्लाटिंग करने वाला अपने अन्य साथियों के साथ पहुंच गए।
लेखपाल का कहना है कि आरोपियों ने आते ही धक्का मुक्की और दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। लेखपाल को मारने-पीटने लगे तो बीच-बचाव करने शिकायतकर्ता मीना देवी, उसकी मां विद्यावती देवी और बहन निधि कुमारी आगे बढ़ीं तो हमलावरों ने इन तीनों को भी पीट दिया। लेखपाल ओमप्रकाश कुशवाहा का कहना है कि हमलावर असलहा लिए हुए थे। उनका कहना है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान नक्शा भी लेकर फाड़ डाला।

सूचना पर मौके पर तहसीलदार अलका सिंह, नायब तहसीलदार गोपालजी और अन्य राजस्वकर्मी पहुंचे थे। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंच दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। लेखपाल और अन्य घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं अमर उजाला की अन्य रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने तीन नामजद सुदेश पटेल, उनका बेटा अतुल पटेल और डेहरी निवासी उदय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू और 15 अज्ञात पर प्राथमिकी भी दर्ज की है। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि लेखपाल पर हुए हमले के आरोपी मुसैला खुर्द निवासी सुदेश पटेल, अतुल कुमार, थाना मईल के नरसिंह डाड़ निवासी संजय कुमार और हृदयानंद कुमार को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान किया गया है। जहां से एसडीएम ने चारों को 14 दिनों के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *